लुधियाना के फील्ड गंज इलाके में लगी भीषण आग, एक की मौत

लुधियाना में पटाखा गोदाम में भीषण आग: धमाके से दीवार गिरी, मलबे में दबने से चाचा के बेटे की मौत
लोक नायक संवाद ।
राजीव कुमार । लुधियाना ।
लुधियाना के सबसे भीड़भाड़ वाले फील्ड गंज इलाके की गली नंबर 10 में शुक्रवार दोपहर करीब 1.30 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आम आदमी पार्टी के नेता गोल्डी सभ्रवाल से जुड़ी इमारत में रखे पटाखों में लगी आग के बाद तेज धमाके हुए, जिससे पूरी इमारत हिल गई और दीवार गिर गई।
हादसे में 27 वर्षीय साहिल सभ्रवाल की मलबे में दबने से मौत हो गई। मृतक नेता के चाचा का बेटा बताया जा रहा है।
क्या हुआ था ?
इमारत के नीचे गोल्डी सभ्रवाल की ‘पुलकित फैशन’ नाम से कपड़ों की दुकान है। दूसरी मंजिल पर किचन के साथ बने कमरे में पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था। पुलिस के मुताबिक शॉर्ट सर्किट / इनवर्टर में फॉल्ट के बाद आग लगी और पटाखों में धमाके शुरू हो गए।
साहिल बिजली की फ्लक्चुएशन देखने ऊपर गया था। आग लगने के बाद वह किनारे खड़ा हो गया, लेकिन धमाके से दीवार गिरने से वह उसके नीचे दब गया। फायर अफसर दिनेश वर्मा के मुताबिक तंग गली होने से फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर गली नंबर 9,10,11 की दुकानें बंद करवा दी गईं।
गोल्डी सभ्रवाल कपड़ा कारोबारी एवं जिला प्रशासन लुधियाना की फूड एंड सिविल सप्लाई एडवाइजरी कमेटी का सदस्य है। उन्होंने 20 जुलाई 2024 को BJP छोड़कर AAP ज्वाइन की थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक वे सीजन में पटाखे भी बेचते हैं।
रिहायशी इलाके में भंडारण पर सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखों का जखीरा रखा गया था, जिससे आग ने विकराल रूप लिया।
फिलहाल थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दमकल विभाग और पुलिस गोदाम के लाइसेंस और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जांच कर रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







