टीकमगढ़ पुलिस का जिलेभर में दो दिवसीय कॉम्बिंग गश्त अभियान, 347 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

टीकमगढ़ पुलिस का सघन कॉम्बिंग अभियान:-185 वारंट तामील, 167 लीटर अवैध शराब जब्त, जुआ एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल के निर्देशन में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर दो दिवसीय कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया।
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अभियान में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों सहित 347 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस बल द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, वारंटियों की तलाश, निगरानी बदमाशों की चेकिंग एवं अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की गई।
वारंटियों की धरपकड़ एवं न्यायालयीन समंस की तामीली
कॉम्बिंग गश्त के दौरान न्यायालयों से जारी लंबित वारंटों की तामीली को प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 25 गिरफ्तारी वारंट, 16 स्थायी वारंट एवं 144 जमानती वारंट तामील किए गए। इसके अतिरिक्त न्यायालयीन प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 203 समंस की तामीली भी कराई गई।
हिस्ट्रीशीटर एवं गुंडा बदमाशों की सघन चेकिंग
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा जिले के 49 हिस्ट्रीशीटर एवं 82 गुंडा बदमाशों की चेकिंग की गई। उनकी वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन एवं आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी संकलित कर आवश्यक निगरानी रखी गई तथा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई – 31 प्रकरण दर्ज, 167 लीटर शराब जब्त
अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा अवैध शराब से संबंधित 31 प्रकरण दर्ज कर 32 आरोपियों के कब्जे से कुल 167 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹53,810 है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
जुआ गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा जुआ गतिविधियों पर भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए 02 जुआ फड़ों पर दबिश दी गई। मौके पर जुआ खेलते पाए गए आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
वाहन चेकिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से अभियान के दौरान विशेष वाहन चेकिंग भी की गई। इस दौरान कुल 129 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 29 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए ₹9,400 का जुर्माना वसूल किया गया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







