A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:खाड़ी संकट के बीच कतर में फंसा सोनभद्र का युवक, वतन वापसी की आस

पीएम मोदी से लगाई गुहार—दहशत में बीत रहे दिन-रात, परिवार की बढ़ी चिंता

सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया):_
जनपद सोनभद्र के विंढमगंज थाना  क्षेत्र अंतर्गत जोरूखाड़ गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार कनौजिया (लगभग 30 वर्ष) इन दिनों कतर की राजधानी दोहा में फंसे हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय हालात बिगड़ने के कारण उनकी भारत वापसी टल गई है, जिससे वे गहरे तनाव और भय के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। 
एक साल के वीजा पर गए थे विदेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र पिछले वर्ष फरवरी-मार्च में एक वर्ष के वीजा पर कतर काम करने के लिए गए थे। वहां वे एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत कर रहे थे।
वीजा खत्म, फ्लाइट भी हुई रद्द
धर्मेंद्र का वीजा 6 मार्च को समाप्त हो गया था और 7 मार्च को उनकी भारत वापसी की फ्लाइट निर्धारित थी। लेकिन इसी दौरान इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया गया। परिणामस्वरूप उनकी घर वापसी की योजना अधूरी रह गई।दहशत में गुजर रहे हैं दिन-रात
धर्मेंद्र ने बताया कि वहां की स्थिति बेहद भयावह बनी हुई है। लगातार हो रहे हमलों और तनावपूर्ण वातावरण के कारण वे मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि “डर के कारण न तो ठीक से नींद आ रही है और न ही भूख लग रही है। हर समय परिवार की याद और सुरक्षित घर लौटने की चिंता सताती रहती है।”
प्रधानमंत्री से लगाई मदद की गुहार
धर्मेंद्र कुमार कनौजिया ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भावुक अपील करते हुए कहा है कि उन्हें किसी भी तरह सुरक्षित भारत वापस लाया जाए। उन्होंने सरकार पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि उन्हें जल्द राहत मिलेगी।

परिवार और गांव में चिंता का माहौल
इधर, उनके घर जोरूखाड़ गांव में परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं। माता-पिता और अन्य परिजन दिन-रात उनकी सुरक्षित वापसी के लिए दुआ और प्रार्थना कर रहे हैं। गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।

सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने सरकार से अपील की है कि विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि धर्मेंद्र जैसे लोगों को जल्द राहत मिल सके।

Back to top button
error: Content is protected !!