
विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
शिक्षा क्षेत्र दुद्धी के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बकचढ़वा में वार्षिकोत्सव, नवारम्भ एवं शारदा संगोष्ठी का आयोजन हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान कलावती देवी तथा विशिष्ट अतिथि ARP श्याम सुंदर व योगेंद्र यादव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, जिसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने नृत्य, नाटक, समूहगान, देशभक्ति गीत एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में तालियों की गूंज लगातार सुनाई देती रही। 
शारदा संगोष्ठी के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की नियमित उपस्थिति तथा अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि विद्यालय और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
UPS धूमा के प्रधानाध्यापक अवधेश कन्नौजिया ने मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने वाले अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया, जिससे उनमें उत्साह का संचार हुआ। विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अवन देवी तथा रसोइयों को वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कलावती देवी ने अपने संबोधन में शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि योगेंद्र यादव एवं श्याम सुंदर ने अनुशासन, परिश्रम और लगन को सफलता की आधारशिला बताते हुए बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने की सीख दी। वहीं शिक्षक राकेश शर्मा ने शिक्षा के महत्व पर अपने विचार रखते हुए बच्चों को विद्यालय और समाज के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रभारी अध्यापक अतुल कुमार एवं रूबी कुमारी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। अंत में प्रधानाध्यापक एवं कार्यक्रम समन्वयक अतुल कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर सूर्यभान राव, अवधेश मौर्य, शिव प्रताप, प्रवीण यादव, सुरेश गुप्ता सहित अन्य शिक्षकगण, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












