A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:भीषण अगलगी में दो पशुओं की मौत, लाखों की गृहस्थी जलकर खाक

किसान का कच्चा घर बना आग का गोला, ग्रामीणों की मशक्कत के बाद भी नहीं बच सका सामान

विंढमगंज सोनभद्र:(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक अगलगी की घटना सामने आई, जिसमें एक किसान का पूरा आशियाना जलकर राख हो गया। इस भीषण आग में दरवाजे पर बंधे दो पशुओं की झुलसकर मौत हो गई, जबकि घर में रखा लाखों रुपये का अनाज और गृहस्थी का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोरूखाड़ गांव निवासी किसान शोभनाथ यादव के खपरेल के कच्चे मकान में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। उस समय परिवार के सदस्य खेत में काम कर रहे थे। धुआं उठता देख परिजनों ने शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर के बाहर बंधे दो पशु आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घर के अंदर रखा धान, गेहूं, चना, सरसों सहित समस्त गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
घटना के समय पीड़ित किसान शोभनाथ यादव किसी रिश्तेदारी में गया हुआ था, जबकि घर के अन्य सदस्य खेतों में कार्य कर रहे थे। इस अगलगी में पीड़ित को करीब ढाई लाख रुपये की भारी क्षति हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान विमल यादव ने तत्काल जोरूखाड़ के लेखपाल अशोक कुमार को अवगत कराया और तहसील प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द राहत पहुंचाने की अपील की है, ताकि पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।

Back to top button
error: Content is protected !!