A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:महुली में ईद-उल-फितर पर उमड़ा भाईचारे का सागर, दिलों को छू गया मिलन का नज़ारा

गले मिलकर हिन्दू-मुस्लिम ने दी एकता की मिसाल, अमन-चैन और मोहब्बत का दिया पैगाम

महुली/दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विकास खंड दुद्धी क्षेत्र के अंतर्गत महुली में ईद-उल-फितर का पावन पर्व इस वर्ष भी आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल बनकर उभरा। कर्बला के पावन प्रांगण में सुबह-सुबह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ एकत्र होकर ईद की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दिल से दुआएं मांगीं।    नमाज के बाद का दृश्य बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला रहा। जैसे ही नमाज पूरी हुई, हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोग एक-दूसरे के गले मिले और ईद की मुबारकबाद दी। हर चेहरे पर खुशी, अपनापन और भाईचारे की झलक साफ दिखाई दे रही थी। यह नज़ारा न केवल महुली, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायक संदेश बन गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल, वरिष्ठ समाजसेवी मनोज भारती और उदय शर्मा ने मुस्लिम भाइयों के साथ गले मिलकर ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं तथा हमें मिलजुलकर रहने की सीख देते हैं।
वहीं विंढमगंज थाना से शेषनारायण पांडेय अपने पुलिस दल के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे। उनकी सतर्कता और व्यवस्था के कारण पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
अंजुमन कमेटी के सदर कलामुदीन सिद्दीकी ने सभी हिन्दू-मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि ईद का पर्व हमें आपसी प्रेम, त्याग, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है, जिसे हमें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
पूर्व सदर महुली रमीज आलम ने भी लोगों से गले मिलकर शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी विश्वास और एकता को और मजबूत करते हैं।
वहीं बसपा के जिला उपाध्यक्ष सेकरार अहमद ने भी सभी को ईद की बधाई देते हुए कहा कि हिन्दू-मुस्लिम एकता ही देश की असली ताकत है और इसे बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
इस मौके पर मु. सिकंदर रिजवी, सैयद, अनवर आलम, अख्तर आलम, मेराज अंसारी, युनुस, परवेज आलम, एकलाख सहित सैकड़ों लोग ईदगाह में उपस्थित रहे और इस पावन अवसर के साक्षी बने।
महुली की यह ईद सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने वाला एक ऐसा संदेश बन गई, जिसने यह साबित कर दिया कि जब इंसानियत और मोहब्बत साथ होती है, तो हर दीवार अपने आप गिर जाती है और समाज में सिर्फ भाईचारा ही नजर आता है।

Back to top button
error: Content is protected !!