
फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार, 30 अप्रैल 2026। हेवी इलेक्ट्रिकल्स वर्कर्स ट्रेड यूनियन द्वारा आज दिनांक 30 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे यूनियन कार्यालय, 161 टाइप-3, सेक्टर-1, भेल रानीपुर, हरिद्वार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भेल कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों के समाधान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित यूनियन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के विचार सुनने के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 मई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भेल के फाउंड्री गेट पर शाम 4:00 बजे विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से वर्ष 2025-26 के पी.पी. भुगतान हेतु ज्वाइंट कमेटी की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग उठाई जाएगी। इसके साथ ही कर्मचारियों से अतिरिक्त कार्य लेने पर सी-ऑफ के स्थान पर ओवरटाइम भुगतान सुनिश्चित करने, केंद्रीय इंसेंटिव स्कीम सब-कमेटी की बैठक बुलाकर स्कीम का पुनरीक्षण करने तथा इसका लाभ सभी कर्मचारियों तक पहुंचाने की मांग की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, कोरोना काल में मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को सेवानिवृत्ति तिथि तक आर्थिक सहायता प्रदान करने सहित अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को भी आंदोलन में शामिल किया जाएगा। यूनियन द्वारा इन मांगों को लेकर भेल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में रामयश सिंह, विकास सिंह, रवि कश्यप, सुभाष पुरोहित, संदीप सिंघानिया, कुमुद श्रीवास्तव, गगन वर्मा, अमित गोगना, सचिन कुमार, कृपाल सिंह, राजकुमार, डी.के. दास, सत्येंद्र प्रताप सिंह, अरविंद मावी, बलवीर सिंह रावत, इंद्रजीत यादव, सुनील कुमार एवं भगत सिंह रावत सहित कई यूनियन पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।





