
फिरोजाबाद में छठ महापर्व की धूम, श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
फिरोजाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का आज पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ समापन हुआ। शहर के यमुना तट स्थित पसीना वाले हनुमान जी मंदिर परिसर, चंदवार में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाएं और पुरुष व्रती यमुना जी के पवित्र जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने की प्रतीक्षा में खड़े नजर आए।
जैसे ही सूर्यदेव की लालिमा क्षितिज पर दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर छठी मइया को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि व आरोग्य की कामना की। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व का समापन भक्ति और उल्लास के साथ हुआ।
इस अवसर पर शिव दुर्गा शिक्षा समिति एवं गौ सेवा संस्थान की ओर से प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर छठ पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन में ज्योतिषाचार्य बृजेश तिवारी, श्रीमती भावना तिवारी, अजयपाल सिंह, मनीष शर्मा, शैलेश कुमार ‘कोशल्य पुत्र’ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यमुना घाट पर छठ गीतों की गूंज, ढोल-नगाड़ों की थाप और माताओं की भक्ति भाव से भरी प्रार्थनाओं ने वातावरण को पूरी तरह आस्था और उल्लास से सराबोर कर दिया।






