दरभंगाबिहार

रोजगार सह मार्गदर्शन मेला: युवाओं में दिखा अभूतपूर्व उत्साह, 781 ने कराया निबंधन

दरभंगा के गौड़ाबौराम में आयोजित रोजगार सह मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए अवसर बना। 781 निबंधन, 410 चयन के साथ दिखा जबरदस्त उत्साह।

दरभंगा, 23 दिसंबर 2025।
दरभंगा जिले के गौड़ाबौराम प्रखंड अंतर्गत बिरौल स्थित खेल मैदान, खोड़ा गाछी में आयोजित रोजगार सह मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए आशा और अवसर का बड़ा मंच बनकर सामने आया। कड़ाके की ठंड और खराब मौसम के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से ही मेला परिसर में भारी भीड़ देखी गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और प्रशिक्षण को लेकर युवाओं की गहरी रुचि है।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत-गान और राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके बाद प्रबंधक आईबीसीबी शान्तनु ठाकुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी मयंक सिंह, बीपीएम गौड़ाबौराम सर्वेश शाही, बीपीएम बिरौल आमोद शर्मा, रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू, संचार प्रबंधक राजा सागर सहित जीविका के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मिथिला परंपरा के अनुरूप जीविका दीदियों द्वारा अतिथियों का पाग, चादर एवं पौधा भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और युवाओं से सीधा संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रबंधक शान्तनु ठाकुर ने कहा कि यह मेला जीविका दीदियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जिसने ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोले हैं। वहीं बीडीओ मयंक सिंह ने जीविका की भूमिका की सराहना करते हुए इसे सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का सशक्त माध्यम बताया।

रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू ने जानकारी दी कि मेले में 14 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कुल 781 युवाओं ने निबंधन कराया, जिनमें से 220 युवाओं का सीधी भर्ती के लिए चयन हुआ, 65 युवाओं को कौशल प्रशिक्षण हेतु चुना गया तथा 125 युवाओं ने स्वरोजगार प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया। कई कंपनियों ने मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।

यह रोजगार सह मार्गदर्शन मेला न केवल नौकरी का अवसर लेकर आया, बल्कि कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में युवाओं के लिए एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!