

नजीबाबाद के मोहल्ला बसंती माता स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में सोमवार को आस्था का विशाल मेला लगा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और भक्तों ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
शीतला माता मंदिर में आयोजित यह मेला सुबह 6 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चला। इस दौरान दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर में यह पारंपरिक मेला हर वर्ष होली के त्योहार के बाद पड़ने वाले पहले सोमवार को आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
मेले के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। भक्तजन कतारबद्ध होकर माता शीतला के दर्शन करते रहे और पूजा-अर्चना कर मनोकामनाएं मांगी।
मेले के सफल आयोजन के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई थी।







