
समाहरणालय, गया
(जिला जन सम्पर्क शाखा)
गया, 24 अप्रैल, 2026
जिला पदाधिकारी, गया श्री शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में गर्म हवाएं/लू से बचाव हेतु वरीय पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि गया जिला में अप्रैल माह से अत्यधिक गर्मी पड़ रही है तथा आगे और अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है, जिससे बचाव हेतु सरकार द्वारा गाइडलाइन जारी किया गया है, जिसका पालन शत प्रतिशत कराने की आवश्यकता है।
जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त, गया नगर निगम, गया/कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत/नगर परिषद को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत सभी सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ का संचालन कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पूर्व से बने प्याऊ की मरम्मति कर संचालन करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही साथ संबंधित प्याऊ पर बैनर/पोस्टर के माध्यम गर्म हवाएं/लू से बचने हेतु “क्या करें, क्या ना करें” की जानकारी का प्रचार प्रसार कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही प्रत्येक प्याऊ की निगरानी संबंधित क्षेत्र के पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा, यथा साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता इत्यादि।
उन्होंने कहा कि जहां भी खराब पड़े चापाकल बचे हुए है, उन्हें यथाशीघ्र मरम्मत करना सुनिश्चित करें। साथ ही नल जल की मरम्मत करना सुनिश्चित करेंगे। यदि मरम्मति कार्य में विलंब हो रहा है, तो तुरंत वैसे स्थल पर पानी टैंकर बहाल कर पेयजल आपूर्ति कराना सुनिश्चित करेंगें।
उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि चापाकल मरम्मति का कार्य तेजी से कराएं। साथ ही जहां नए चापाकल की आवश्यकता है, वहां चापाकल यथाशीघ्र लगाना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में अधीक्षक, मगध मेडिकल, सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हीट वेव से संबंधित विशेष वार्ड की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे, जहां बेड, पेयजल, ओआरएस, एसी/कलर इत्यादि की पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो। साथ ही साथ जीवन रक्षक दवाएं मौजूद हो, इसे सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिला प्रशासन द्वारा गर्म हवाएं/लू से बचाव हेतु पूर्व में जारी आदेश सरकारी विद्यालय/गैर सरकारी विद्यालय, कोचिंग संस्थान के संचालन हेतु समय का निर्धारण किया गया है, इसका पालन शत प्रतिशत कराना सुनिश्चित करेंगें। यदि किसी संस्थान द्वारा इसका पालन नहीं किया जाता है, तो उन पर सख्ती से कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर संबंधित विद्यालय द्वारा शुद्ध शीतल पेयजल, ओआरएस की व्यवस्था करना अनिवार्य है, इसे सुनिश्चित कराएंगे।
उन्होंने डीपीओ आईसीडीएस को निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी पेयजल, ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था रखेंगे। इस हेतु सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को अपने स्तर से निर्देशित करेंगे।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी पंचायत के सार्वजनिक स्थल, बाजार, हाट जैसे भीड़ भाड़ जगह पर पेयजल व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे।
जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले के बस स्टैंड/ऑटो स्टैंड इत्यादि जगह पर पेयजल की व्यवस्था हो, इसे सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि नल जल योजना में यदि कहीं बिजली कनेक्शन की शिकायत प्राप्त होती है तो उसे तत्परता के साथ मरम्मत करना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने जिला अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी अग्निशमन वाहनों को तैयार रखना सुनिश्चित करेंगे ताकि किसी भी प्रकार की आग लगी की घटना को ससमय निपटाया जा सके।
जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि पशुओं के लिए पर्याप्त पानी एवं चारा की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे। यदि पशुओं के उपयोग हेतु पेयजल की समस्या है, तो PHED विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्य कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी को अपने-अपने प्रखंड की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि पेयजल से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो उसे तत्परता से निष्पादन करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि वे अपने प्रखंड के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अपने प्रखंड के पेयजल समस्या से अवगत होते हुए इसका निष्पादन साथ समय करना सुनिश्चित करेंगे। यदि कहीं भी पेयजल की समस्या है और वहां मरम्मति में समय लग रहा है तो वैसे जगह पर पानी टैंकर यथाशीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
पेयजल से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत हेतु जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0631-2222253 पर दर्ज कर सकते हैं।
बैठक में नगर आयुक्त, गया नगर निगम, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था), अपर समाहर्ता (आपदा), अधीक्षक मगध मेडिकल, सिविल सर्जन, स्थापना उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्तागण तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित हैं।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़






