A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक: शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और पोषण योजनाओं की समीक्षा

।कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) सहित अन्य विभागों के कार्यों की स्थिति पर गंभीरता से चर्चा की गई।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विकास खंडों के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों के जन्म प्रमाण पत्र तथा अपार आईडी बनाने की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विद्यालयों का यूडीआईएसई + डाटा समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए। मिड-डे मील की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों के समय पर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र समय से न खुलने या लापरवाही बरतने वाले कार्यकर्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बच्चों एवं महिलाओं को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण एवं सहायिकाओं की भर्ती की प्रगति की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड तथा वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति का जायजा लिया।

कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर द्वारा खाद के अवैध भंडारण एवं जमाखोरी पर सख्ती से जांच करवाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त खाद्य विभाग को एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ईई पीएचई को आवश्यक क्षेत्रों में बोरिंग कर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्माण एजेंसियों द्वारा संचालित भवन निर्माण कार्यों तथा सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पटले, संयुक्त कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र शर्मा, सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!