
घर आने से रोकता था प्रेमिका का बच्चा, सिरफिरे आशिक ने मासूम को दी दर्दनाक मौत, जंगल में मिली लाश।
पाली। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक कलयुगी प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के 11 वर्षीय मासूम बेटे की पत्थर से वार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
तरबूज खिलाने के बहाने ले गया साथ
जानकारी के अनुसार घोसी कॉलोनी निवासी शेहनवाज (42), पत्नी मोहम्मद रफीक, जिसके पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। वह अपने दो पुत्र और एक पुत्री के साथ किराए के मकान में रह रही है। वह पिछले दो साल से उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद फारूक (22) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।शेहनवाज का 11 वर्षीय बेटा तोफिस, जो मदरसे में पढ़ता था, रमजान के चलते घर आया हुआ था। बच्चों को फारूक का घर आना पसंद नहीं था और वे अक्सर उसे टोकते थे। इसी रंजिश में फारूक ने हत्या की साजिश रची। सुबह करीब 11 बजे वह तोफिस को तरबूज खिलाने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया।जंगल में वारदात को दिया अंजाम
आरोपी दिनभर बालक को शहर में घुमाता रहा। शाम ढलने पर वह उसे मानपुरा भाकरी के पीछे उतवण जाने वाले सुनसान कच्चे मार्ग पर ले गया। वहां आरोपी ने पहले तीन बियर पी और फिर सोची-समझी साजिश के तहत तोफिस के चेहरे और पेट पर भारी पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए। चोट इतनी गंभीर थी कि बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी चुपचाप अपने घर लौट आया।सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
जब बालक घर नहीं लौटा तो मां ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। थाना प्रभारी रवींद्र सिंह खींची के नेतृत्व में पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की जांच में फारूक बालक को बाइक पर ले जाता दिखाई दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।






