
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ सगमा प्रखंड क्षेत्र के बीरबल गांव स्थित सूर्य मंदिर परिसर से एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत कर दिया है।
बताया जा रहा है कि 24 मार्च को छठ पूजा के अवसर पर आदित्य सूर्य मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। ग्रामीणों के अनुसार, कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा कलाकारों को बुलाया गया था, लेकिन सांस्कृतिक प्रस्तुति के नाम पर मंच पर फूहड़ भोजपुरी गीतों पर अश्लील नृत्य कराया गया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नर्तकियों के साथ ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भोला शाह और सदस्य भिनसेरी भुईयां भी मंच पर नृत्य करते नजर आ रहे हैं। वहीं, सचिव श्रीकांत कुमार मंच पर मौजूद रहकर कार्यक्रम का संचालन एवं उत्साहवर्धन करते दिख रहे हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे प्रखंड क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ पूजा जैसे पवित्र पर्व पर इस प्रकार का आयोजन धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत है और इससे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
ग्रामीणों ने आदित्य सूर्य मंदिर ट्रस्ट से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पदाधिकारी से ट्रस्ट की मान्यता रद्द करने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की अपील की है।

