A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

जमीन विवाद में हुई हत्या का खुलासा, फरार आरोपी सिडकुल क्षेत्र से गिरफ्तार।

डेढ़ लाख की सुपारी देकर कराई गई हत्या, मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

फुरकान अंसारी संवाददाता।

हरिद्वार, 03 मई 2026।

कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को सिडकुल थाना क्षेत्र के कोर्ट चौक के पास से दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर ज्वालापुर निवासी दिव्या चौहान ने 17 अप्रैल 2026 को अपने पति रवि चौहान (44 वर्ष) के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान 19 अप्रैल 2026 को रवि चौहान का शव पथरी पावर हाउस रानीपुर क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद मामला हत्या में तब्दील कर जांच शुरू की गई।

पुलिस विवेचना में सामने आया कि मृतक रवि चौहान का सीतापुर निवासी पंकज शर्मा के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते पंकज शर्मा ने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि दोनों ने ज्वालापुर निवासी दानिश अली और नदीम को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर रवि चौहान की हत्या करवाई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के लिए 40 हजार रुपये पहले और 1 लाख 10 हजार रुपये वारदात के बाद दिए गए। हत्या को अंजाम देने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया था।

इस मामले में पुलिस पहले ही 23 अप्रैल 2026 को आरोपी दानिश अली और नदीम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ में दोनों ने पंकज शर्मा और गौतम द्वारा सुपारी देकर हत्या कराने की बात स्वीकार की थी।

जांच अधिकारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी पंकज शर्मा को मुखबिर की सूचना पर 2 मई 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की है।

पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा,

कांस्टेबल ताजबर,

चालक कांस्टेबल मुकेश कुमार ने गिरफ्तार किया।

Back to top button
error: Content is protected !!