

झांसी पुलिस ने विगत दिनों हुई डबल मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। इस चौंकाने वाले मामले में मृतका युवती के भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पहले बहन के प्रेमी की हत्या की और फिर अगले दिन बहन का भी गला घोंटकर हत्या कर दी।
झांसी के एसएसपी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने बताया कि 8 अगस्त को लहचूरा थाना क्षेत्र में नदी किनारे एक 19 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिला था, जिसकी पहचान टहरौली निवासी विशाल अहिरवार के रूप में हुई। अगले दिन गरौठा थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रपुरा की पहाड़ी के पास 18 वर्षीय युवती का शव भी बरामद किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि करीब छह महीने पहले विशाल और मृतका युवती घर से भाग गए थे। इसका मुकदमा गरौठा थाने में दर्ज था। यह प्रेम संबंध युवती के भाई को नागवार गुजरा। उसने अपने गांव के साथी के साथ मिलकर विशाल की हत्या की साजिश रची। नौकरी का झांसा देकर वह विशाल को लहचूरा थाना क्षेत्र की नदी किनारे ले गया, जहां उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी और शव फेंक दिया।
अगले दिन रक्षाबंधन के मौके पर आरोपी भाई ने अपनी बहन से राखी बंधवाई। लेकिन जब बहन को विशाल की मौत की खबर मिली तो उसे अपने भाई पर शक हुआ और उसने सच सबको बताने की बात कही। इसके बाद आरोपी भाई ने उसे पहाड़ी पर ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी भाई और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।








