
इटवा मार्ग पर डबल डेकर बस का ओवरहाइट लोड बना खतरा,

खंभे गिरने से ऑटो-बाइक चपेट में ओवरहाइट सामान से बिजली तार में फंसी बस, दो पोल गिरे-बाल-बाल बचे लोग
डुमारियागंज क्षेत्र से एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां ओवरहाइट सामान लादकर जा रही एक डबल डेकर बस की वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
बुधवार दोपहर डुमरियागंज मंदिर चौराहे से इटवा की ओर जा रही एक डबल डेकर बस के ऊपर निर्धारित ऊंचाई से अधिक सामान लदा हुआ था।
जैसे ही बस गुरु गोरखनाथ तलैया के पास पहुंची, ऊपर से गुजर रहे एलटी बिजली के तार बस पर रखे सामान में फंस गए।
इस वजह से सड़क किनारे लगे दो बिजली के खंभे अचानक गिर पड़े।
इसी दौरान बस के पीछे चल रहे एक ऑटो और एक बाइक इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में ऑटो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद बस चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया, जबकि बस में सवार यात्री अन्य साधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
इस हादसे के चलते इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।





