
डकरा में फिर चला कोल माफिया पर शिकंजा, सीआईएसएफ की घेराबंदी में दो बाइक और कोयला जब्त।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी। अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। डकरा रेलवे साइडिंग के पास की गई इस कार्रवाई में सुरक्षा बल ने घेराबंदी कर अवैध ढुलाई में इस्तेमाल हो रहे दो मोटरसाइकिलों के साथ 1.296 टन कोयला बरामद किया।
सूत्रों के अनुसार, इलाके में लंबे समय से छोटे स्तर पर अवैध कोयला इकट्ठा कर उसे दोपहिया वाहनों के जरिए बाहर भेजने का काम किया जा रहा था। इसी कड़ी में पुख्ता सूचना मिलने पर सीआईएसएफ की टीम ने सुबह-सुबह रणनीतिक तरीके से एंबुश लगाया और मौके पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान JH01R9363 और JH01Q0812 नंबर की बाइकें जब्त की गईं। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर इसमें शामिल लोग फरार हो गए। जब्त वाहनों को खलारी पुलिस को सौंप दिया गया है, जबकि कोयले को औपचारिक प्रक्रिया के बाद सीसीएल प्रबंधन के हवाले किया गया।
गौरतलब है कि एनके और पिपरवार क्षेत्र में सीआईएसएफ द्वारा अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ड्रोन निगरानी और नियमित छापेमारी के कारण ऐसे मामलों पर काफी हद तक अंकुश लगाने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि कोयला तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सख्त और योजनाबद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।


