
धमतरी/नगरी – नगर पंचायत नगरी में विकास की गति निरंतर तेज होती जा रही है। नवीन नगर पंचायत के गठन को अभी एक वर्ष भी पूर्ण नहीं हुआ है, लेकिन चुनाव के समय किए गए वादों को धरातल पर उतारते हुए नगर पंचायत ने विकास की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। हाल ही में 76 लाख रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति के बाद अब नगरी नगर पंचायत को एक और बड़ी सौगात मिली है। इस बार नगर के सभी 15 वार्डों में कुल 1 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की अनुशंसा से नगर पंचायत नगरी को अधोसंरचना मद के अंतर्गत यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके साथ ही जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, धमतरी नगर निगम महापौर रामू रोहरा, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह एवं श्रवण मरकाम के मार्गदर्शन और प्रयासों से नगरी नगर पंचायत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने महिलाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों के हित में जो घोषणाएं की थीं, उन्हें अब क्रमशः धरातल पर उतारा जा रहा है। महिला एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़े अनेक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष विकास बोहरा, लोक निर्माण विभाग के सभापति अश्वनी निषाद तथा सभी पार्षदों के सहयोग से नगर में विकास कार्य तेज गति से संचालित हो रहे हैं
नगर में चौपाटी निर्माण हेतु 15 लाख रुपये की स्वीकृति के साथ-साथ विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन, नाली निर्माण, सीसी रोड एवं बीटी सड़क जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी मिली है। इस उपलब्धि पर पार्षद राजा पवार, देवचरण ध्रुव, मिकी गुप्ता, नरेश पटेल, विनीत कोठारी, चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, अलका साव, डगेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, यशकरण पटेल, शंकरदेव, हरीश साहू सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं सभापति अश्वनी निषाद का आभार व्यक्त किया।
नगरवासियों ने उम्मीद जताई कि इसी प्रकार विकास की यह गति निरंतर बनी रहेगी और नगरी नगर पंचायत एक आदर्श एवं सुंदर नगर के रूप में अपनी पहचान बनाएगी।






