
नजीबाबाद पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया सैमसंग गैलेक्सी एफ 15 5जी मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
यह मामला 24 मार्च 2026 का है, जब विपिन राज चौहान पुत्र चंद्रपाल सिंह ने नजीबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी दुकान से एक अज्ञात चोर ने उनका सैमसंग मोबाइल फोन चुरा लिया था। इस संबंध में नजीबाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना का संज्ञान लेते हुए नजीबाबाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोर की पहचान शेर अली पुत्र शौकत, निवासी मोहल्ला बांसफोडान, नजीबाबाद, बिजनौर के रूप में हुई।
गुरुवार, 26 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने अभियुक्त शेर अली (लगभग 25 वर्ष) को नजीबाबाद में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सैमसंग गैलेक्सी एफ15,
5 जी मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में शेर अली ने बताया कि उसने यह मोबाइल दो दिन पहले आर.एन. केला स्कूल के पास एक किताब की दुकान से चुराया था।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक विनोद कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, हेड कांस्टेबल नेत्रपाल राठी और कांस्टेबल नीरज पंवार शामिल थे।


