A2Z सभी खबर सभी जिले की

पंकज चौधरी बोले—महिलाओं का हक रोकने वालों को जनता देगी जवाब

महराजगंज।

महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा: पंकज चौधरी बोले—महिलाओं का हक रोकने वालों को जनता देगी जवाब

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सर्वसमावेशी लोकतंत्र को लगातार मजबूती मिल रही है और हर वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में करीब 40 प्रतिशत मंत्री अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से हैं, जो सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम है।

महिला आरक्षण पर विपक्ष का दोहरा चरित्र

उन्होंने कहा कि महिलाओं को नीति निर्धारण में भागीदारी देने के लिए 33 प्रतिशत महिला आरक्षण विधेयक लाया गया, लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी एलायंस के अन्य दलों ने इसे पारित नहीं होने दिया।

चौधरी के अनुसार, विपक्ष महिला आरक्षण का समर्थन करने का सिर्फ दिखावा करता है, जबकि वास्तविकता में वह महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहता।

परिवारवाद को खतरा, इसलिए विरोध

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की राजनीति परिवारवाद और वंशवाद पर आधारित है, और महिलाओं के आगे बढ़ने से यह व्यवस्था कमजोर हो जाएगी। इसी कारण वे महिला आरक्षण का विरोध कर रहे हैं।

तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप

चौधरी ने कहा कि विपक्ष ने तुष्टिकरण की राजनीति करते हुए महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का लाभ सभी वर्गों की महिलाओं को मिलता, जिसमें मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हैं।

संविधान के खिलाफ नहीं हो सकता धर्म आधारित आरक्षण

उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म के आधार पर आरक्षण संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है और भाजपा हमेशा संविधान के सिद्धांतों का पालन करती है।

महिला सशक्तिकरण के लिए योजनाओं का जिक्र

चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मिशन इंद्रधनुष, मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत सहित कई योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 44 हजार हो गई है।महिलाएं देंगी जवाब

अंत में उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं महिला विरोधी सोच रखने वाले दलों को आने वाले चुनावों में करारा जवाब देंगी।

Back to top button
error: Content is protected !!