A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

पीलीभीत में भाकियू टिकैत गुट ने निकाला ट्रैक्टर मार्च, डीएम को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत। राष्ट्रीय आवाह्न पर बुधवार को भाकियू टिकैत गुट की ओर से शहर में ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। ट्रैक्टरों और अपने वाहनों को लेकर पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंडी समिति से टनकपुर हाईवे होकर कलक्ट्रेट तिराहे पर पहुंचे। जहां ट्रैक्टर रोकने का प्रयास करने पर पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। सीओ के समझाने के बाद भी पदाधिकारी बैरिकेडिंग हटाकर ट्रैक्टर लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी के बाद नौ सूत्री मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। बुधवार सुबह किसान मंडी समिति में जमा हुए। ट्रैक्टरों और वाहनों पर सवार होकर पदाधिकारी और कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए टनकपुर हाईवे से होकर कलक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। नौगवां ओवरब्रिज से छतरी चौराहा, गौहनिया चौराहा होते हुए ट्रैक्टर मार्च कलक्ट्रेट तिराहे पर पहुंचा। यहां शहर कोतवाल राजीव कुमार सिंह, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय फोर्स के साथ पहले से ही मौजूद थे। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर ट्रैक्टरों को कलक्ट्रेट के भीतर जाने से रोकने का प्रयास किया। इसपर पदाधिकारियों की पुलिस से नोकझोंक हुई। पदाधिकारियों ने बैरिकेडिंग को हटाया और आगे की ओर रवाना हुए। सूचना पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलो, जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश और युवा जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी से बातचीत की।
इसके बाद कुछ ट्रैक्टरों को कलक्ट्रेट ले जाने की अनुमति दी गई। हालांकि अधिकांश कार्यकर्ता ट्रैक्टरों को लेकर डीएम कार्यालय के बाहर पहुंच गए थे। जहां पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। जानकारी पर डीएम ज्ञानेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद नौ सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा गया।

Back to top button
error: Content is protected !!