
बुरहानपुर। रमजान के मुकद्दस महीने में इबादत का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में ताज बाग कॉलोनी, अंसार नगर स्थित मोमिन जमात खाने के पास मुकर्रम मस्जिद में 26वें रोजे के दिन मुकम्मल तौर पर कुरआन पाक की तिलावत पूरी की गई।
मस्जिद के हाफिज मोहम्मद उस्मान साहब ने बताया कि रमजान शुरू होते ही मस्जिदों में इबादत और नमाज अदा करने वालों की तादाद बढ़ जाती है। यह महीना रहमतों और बरकतों से भरा होता है, जिसमें मुसलमान पूरे महीने रोजे रखते हैं और अल्लाह से अपने गुनाहों की मगफिरत की दुआ मांगते हैं। हर रात ईशा की नमाज के बाद तरावीह अदा की जाती है, जिसमें कुरआन शरीफ की तिलावत की जाती है।
अमन-चैन कि मांगी दुआ
26वें रोजे के मौके पर मस्जिद मुकर्रम में कुरआन शरीफ की मुकम्मल तिलावत की गई। इसके बाद हाफिज उस्मान साहब ने देश, दुनिया और खासतौर पर बुरहानपुर जिले में अमन-चैन और खुशहाली के लिए रब से दुआ मांगी। इस मौके पर मस्जिद कमेटी की ओर से हाफिज उस्मान साहब को विशेष सम्मान से नवाजा गया।
यह थे मौजूद
ख़त्म कुरान में हाजी हमीद खान, अकील खान, जुनैद इकबाल, अबरार अंसारी, जमीर अंसारी, आरिफ अंसारी, खालिक भाई, जुबैर भाई, फैजान, अंसार हाफिज समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





