लखनऊ: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने मरीज बनकर किया CHC का औचक निरीक्षण, गंदगी देखकर भड़के
लखनऊ के चिनहट सीएचसी में सोमवार को डिप्टी मुख्यमंत्री Brijesh Pathak ने औचक निरीक्षण किया। मास्क पहनकर मरीजों की लाइन में खड़े हुए और OPD की पर्ची कटवाई। इसके बाद उन्होंने पैथोलॉजी और औषधि वितरण काउंटर पर भी लाइन में लगकर सेवा व्यवस्था का जायजा लिया।
करीब 54 मिनट तक उन्हें किसी ने पहचान नहीं पाया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी और सफाई की खराब व्यवस्था देख डिप्टी CM नाराज हुए। उन्होंने सफाई एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान काटने का आदेश दिया और कहा कि जब तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, जिम्मेदार अधिकारी घर नहीं जा सकेंगे।
इसके अलावा डिप्टी CM ने वार्डों की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। जनरल वार्ड में कई बेड पर चादर नहीं मिली, जिससे मरीजों की सुविधा प्रभावित हो रही थी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ब्रजेश पाठक ने अस्पताल में सफाई, वार्ड की बदहाली और लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने और तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। उनका उद्देश्य मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और अस्पताल प्रशासन में जवाबदेही सुनिश्चित करना बताया गया।