
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ सगमा प्रखंड के बीरबल गांव में राम नवमी की पूर्व संध्या पर श्री राम सेवा समिति के तत्वाधान में एक भव्य और ऐतिहासिक बाइक जुलूस का आयोजन किया गया। इस जुलूस में सैकड़ों की संख्या में राम भक्तों ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र को भगवामय बना दिया।
श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों पर भगवा ध्वज लहराते हुए पूरे उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। जुलूस गांव स्थित देवी धाम से प्रारंभ होकर बीरबल, बैलिया, बिलासपुर और मकरी होते हुए पुनः देवी धाम पहुंचकर सम्पन्न हुआ।
इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। जुलूस में शामिल राम भक्त “जय श्री राम” और “हर हर महादेव” के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा प्रखंड भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर धुरकी थाना की पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही और पूरे जुलूस पर कड़ी नजर बनाए रखी।
श्री राम सेवा समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि देवी धाम पर महाबिरी ध्वज की स्थापना के साथ रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। वहीं राम नवमी के दिन सुबह विधिवत पूजा-पाठ के बाद शाम चार बजे महाबिरी ध्वज के साथ गांव भ्रमण निकाला जाएगा।
इसके उपरांत बीरबल गांधी चौक पर सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न गांवों से आए अखाड़ा अध्यक्षों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसी के साथ राम नवमी पूजा का समापन होगा।

