

सहारनपुर | जनकपुरी की शांति भंग कर रहा ‘फर्जी मुखबिर’! – सहारनपुर में नशे में चूर युवक की गुंडई, लोगों से वसूली, धमकी और सोशल मीडिया पर छवि खराब करने का घिनौना खेल, पुलिस जांच में जुटी
सहारनपुर | विशेष रिपोर्ट – एलिक सिंह, वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
जनपद सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र के सड़क दूधली मोहल्ले में रहने वाला एक नशेड़ी युवक इन दिनों क्षेत्रवासियों के लिए सिरदर्द बन गया है। आरोप है कि यह युवक खुद को पुलिस मुखबिर बताकर लोगों पर रौब गांठता है, शराब और पैसे की मांग करता है, और मना करने पर फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक रात के समय शराब के नशे में गली-मोहल्लों में घूमता है और कई बार असहाय बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी डरा चुका है। स्थिति तब और भयावह हो जाती है जब वह एक तथाकथित स्थानीय पत्रकार से मिलकर उन लोगों की झूठी खबरें सोशल मीडिया पर वायरल करवा देता है, जो उसकी बात नहीं मानते या विरोध करते हैं। इससे पीड़ित लोगों की सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होती है और पुलिस की साख भी प्रभावित होती है।
❗ पूर्व में थाना जनकपुरी पुलिस ने इस युवक को हिरासत में भी लिया था, लेकिन उस समय इलाके के कुछ संभ्रांत नागरिकों की मध्यस्थता पर युवक ने लिखित रूप से माफी मांगकर छोड़ दिए जाने की विनती की थी। थाना प्रभारी ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया, लेकिन अफसोस की बात यह है कि उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
अब पुनः क्षेत्रवासियों का सब्र टूट चुका है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि अब भी प्रशासन ने समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की, तो स्थिति बेकाबू हो सकती है। लोगों ने एक स्वर में मांग की है कि पुलिस न सिर्फ इस युवक पर सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करे, बल्कि ऐसे फर्जी पत्रकारों की भी जांच हो जो उसके साथ मिलकर सामाजिक तानाबाना बिगाड़ने में लगे हैं।
🔍 जनकपुरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि जल्द ही इस युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया जा सकता है।
यह पूरा घटनाक्रम प्रशासन और पुलिस महकमे के लिए एक चेतावनी है कि यदि ‘मुखबिरी’ जैसे संवेदनशील शब्दों का गलत इस्तेमाल करने वालों पर समय रहते नकेल नहीं कसी गई, तो इसका असर आमजन की सुरक्षा और पुलिस की विश्वसनीयता दोनों पर पड़ेगा।
✍️ रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
उत्तर प्रदेश महासचिव – भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद
📞 संपर्क: 8217554083






