उत्तर प्रदेशसोनभद्र

19वीं नेशनल जम्बूरी के प्रतिभागियों एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

सोनभद्र के स्काउट-गाइडों का लखनऊ में दिखा दम, सम्मान समारोह में बढ़ा मान

सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में 14 मई गुरुवार को गौरव, सम्मान और उत्साह से भरा भव्य समारोह आयोजित किया गया, जहां नवंबर 2025 में लखनऊ में आयोजित 19वीं नेशनल जम्बूरी में प्रतिभाग करने वाले स्काउट-गाइड छात्र-छात्राओं एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त प्रतिभाओं को प्रमाण पत्र एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रतिभागियों का जोरदार तालियों के साथ स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र जयराम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि जिले के प्रतिभाशाली बच्चों ने नेशनल जम्बूरी में अपनी प्रतिभा और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे सोनभद्र का नाम गौरवान्वित किया है।
विशिष्ट अतिथि सैयद अनवर हुसैन जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में और बड़े मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्यनारायण कनौजिया जिला आयुक्त स्काउट ने की, जबकि संचालन जिला संगठन आयुक्त स्काउट सुनील कुमार सिंह ने शानदार ढंग से किया। समारोह स्नेहा सिंह, डीओसी गाइड, जिला काउंसलर, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. रितिका श्रीवास्तव, एवं शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सम्मान समारोह के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
वक्ताओं ने कहा कि नेशनल जम्बूरी जैसे राष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम है। इससे बच्चों में टीम भावना, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा की भावना और अधिक प्रबल होती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे समारोह में देशभक्ति, ऊर्जा और सम्मान का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर संतोष कुमार मौर्य प्रधानाचार्य,दयाशंकर सिंह जिला काउंसलर,यूनिट लीडर रामरक्षा ,अशोक कुमार,कमलेश यादव, डा अमर सिंह,उमा गुप्ता,दिलदार सिंह,एवं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!