
कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP.
कटनी-बीना रेल खंड का बखलेटा रेलवे स्टेशन जिम्मेदारों की अनदेखी का शिकार होकर रह है। यहां हर तरफ अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिल रहा है। प्लेटफार्म में लगा गंदगी का अंबार रेल प्रशासन की पोल खोल रहा है। समूचे प्लेटफार्म में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्री अपनी नाक व मुंह में कपड़ा लगाकर ट्रेन आने का इंतजार करते हैं। तो वहीं इस उमस भरी गर्मी में यात्रियों को गला तर करने के लिए पर्याप्त पेयजल की भी व्यवस्था नहीं है। बताया जाता है कि कटनी-बीना रेल खंड बखलेटा स्टेशन रेलवे का माडल स्टेशन माना गया है, वाबजूद इसके यहां बदहाली के बादल छाए हुए हैं। बखलेटा रेल्वे स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्री स्टेशन की दुर्दशा को देखकर अपने आप को ठगा महसूस करते हैं और क्षेत्र को उपेक्षित।
आवारा श्वानों की धमाचौकड़ी
देखा गया कि बखलेटा रेलवे स्टेशन में आवारा श्वानों की धमाचौकड़ी से रेल यात्री परेशान हैं। मृत पड़े बेसहारा मवेशियों को नोचने के साथ यात्रियों पर भी यह कुत्ते हमला करते हैं। समूचा रेलवे स्टेशन जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी का शिकार होकर रह गया है। यहां से यात्रा करने वाले यात्रियों का बड़ी मुश्किलों में समय गुजर रहा है। रेलवे प्रशासन इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।
टूटी पड़ी कुर्सियां
देखा गया कि कटनी-बीना रेल खंड के बखलेटा रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो में न तो यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है और न ही पेयजल की। प्लेटफार्म में यात्रियों के बैठने के लिए रखीं कुर्सियां भी टूटी पड़ी हुई हैं। यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर लोकेशन बाक्स में बैठने मजबूर हैं। जबकि लोकेशन बाक्स में करंट भी होता है। बावजूद इसके स्टेशन प्रबंधन द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बखलेटा का रेलवे स्टेशन पदस्थ जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी का शिकार होकर रह गया है।
जगह-जगह लगा गंदगी का अंबार
कटनी-बीना रेल खंड का बखलेटा रेल्वे स्टेशन का प्लेटफार्म किसी गौशाला से कम नजर नहीं आता है। जगह-जगह लगे गोबर के ढेर रेलवे प्रशासन के स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बखलेटा रेल्वे स्टेशन से ट्रेनों के माध्यम से आवागमन करने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के ढेर सड़ांध मार रहे हैं।








