
निवाड़ी।
शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने संकल्प से समाधान अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक के दौरान अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने बताया कि संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य शासन की 106 हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं सेवाओं को शामिल किया गया है। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को दिलाने के लिए गठित दलों को घर-घर जाकर आवेदन एकत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-जन तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाने हेतु प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएँ। साथ ही जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में संवाद स्थापित कर अधिक से अधिक हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए जाएँ।
कलेक्टर ने अभियान के दौरान आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में आँखों के चश्मों का वितरण, दिव्यांगजनों हेतु विशेष शिविर, हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की जाँच, शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण, रोजगार योजनाओं को प्रोत्साहन तथा सभी चिन्हित हितग्राहीमूलक योजनाओं के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण कर पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएँ।

