A2Z सभी खबर सभी जिले कीछत्तीसगढ़

अवैध धान गतिविधियों पर प्रशासन द्वारा लिया जा रहा तुरंत एक्शन

कलेक्टर के सख़्त निर्देश पर किसी भी स्तर लापरवाही बर्दाश्त नहीं

 

नरेंद्र वारे /संभाग प्रमुख

*अवैध धान गतिविधियों पर प्रशासन द्वारा लिया जा रहा फास्ट एक्शन*

 

*जिले में अब तक 100 से अधिक की गई कार्यवाही, 3881 क्विंटल धान किए जा चुके हैं जप्त*

 

*प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों की 24 घंटे की जा रही निगरानी*

 

सक्ती, 20 जनवरी 2026// जिले में अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर के सख्त और स्पष्ट निर्देशों के तहत पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शासन की मंशानुसार धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले में गठित संयुक्त जांच दलों द्वारा विभिन्न उपार्जन केंद्रों, गोदामों, कोचियों, संदिग्ध भंडारण स्थलों एवं परिवहन मार्गों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक की गई कार्यवाही के तहत जिले में कुल 104 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जो जिले में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई मानी जा रही है। कार्यवाही के दौरान अब तक 3881 क्विंटल धान जप्त की जा चुकी है। इसके साथ ही अवैध रूप से धान के परिवहन में संलिप्त वाहनों पर भी सख्त कार्यवाही करते हुए लगभग डेढ़ दर्जन वाहनों को जप्त किया गया है। इन सभी वाहनों को संबंधित थानों में सुपुर्द कर दिया गया है।

 

*कलेक्टर के सख्त निर्देश किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त*

 

कलेक्टर ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर स्पष्ट रूप से निर्देश जारी किए हैं कि शासन के निर्धारित मापदंडों से किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा आर्थिक गड़बड़ी को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध धान खरीदी, भंडारण या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले अधिकारी-कर्मचारी, व्यापारी, बिचौलिये या अन्य व्यक्ति, सभी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि धान खरीदी का यह चरण अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए जिले में 24 घंटे सतत निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। राजस्व, खाद्य, सहकारिता, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें लगातार सक्रिय हैं। अधिकारी-कर्मचारी सुबह से देर रात तक क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्यवाही की जा रही है।

 

*प्रशासन की सख्ती से अवैध गतिविधियों में हड़कंप*

 

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध धान खरीदी एवं परिवहन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी धान खरीदी समाप्ति तक लगातार जारी रहेगा और धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनी रहेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!