A2Z सभी खबर सभी जिले की

मलखंब अखाड़ा बलौदाबाजार में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, बालिकाओं ने दिखाया शानदार खेल कौशल

बलौदाबाजार। जिले के पंचशील नगर स्थित योग भवन में संचालित मलखंब अखाड़ा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। बालिकाओं ने मलखंब की विभिन्न कलाओं के साथ रोप पर भव्य पिरामिड बनाकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ज्ञात हो कि मलखंब का यह प्रशिक्षण केंद्र बलौदाबाजार जिले के पंचशील नगर स्थित योग भवन में पिछले लगभग आठ माह से संचालित हो रहा है। इस खेल को जिले में बढ़ावा देने की पहल पूर्व कलेक्टर श्री दीपक सोनी के मार्गदर्शन में शुरू की गई थी। इस प्रशिक्षण केंद्र के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग बलौदाबाजार-भाटापारा की वरिष्ठ जिला खेल अधिकारी श्रीमती प्रीति बंछोर बिजौरा के पास है।
कम समय में ही इस अखाड़े के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। महज दो माह के प्रशिक्षण के बाद सात खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया और टीम चैंपियनशिप में द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। इसके अलावा मध्यप्रदेश के उज्जैन में आयोजित स्कूल नेशनल गेम्स में भी दो खिलाड़ियों ने भाग लेकर राज्य और जिले का गौरव बढ़ाया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ जिला खेल अधिकारी श्रीमती प्रीति बंछोर बिजौरा उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती विनीता गुप्ता मैडम तथा पुलिस आरक्षक श्री मनमोहन देवांगन शामिल हुए।
इस अवसर को और खास बनाने के लिए बालिका खिलाड़ियों के बीच मलखंब प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6वीं की छात्रा अनाया ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 3री की शिवकुमारी यादव ने द्वितीय स्थान और कक्षा 6वीं की अंजली यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को जिला खेल अधिकारी श्रीमती प्रीति बंछोर बिजौरा द्वारा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती प्रीति बंछोर बिजौरा का स्वागत मलखंब के सहायक कोच श्री रविन्द्र गढ़ेवाल द्वारा बुके, डायरी और पेन भेंट कर किया गया। इसके साथ ही विशिष्ट अतिथि श्रीमती विनीता गुप्ता तथा पुलिस आरक्षक श्री मनमोहन देवांगन को भी बुके और पेन देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी मलखंब खिलाड़ियों को ट्राईकलर पेन देकर प्रोत्साहित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मलखंब अखाड़ा परिसर में सभी अतिथियों और खिलाड़ियों ने मिलकर आम का पौधा भी लगाया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन मलखंब के हेड कोच श्री अकलेश नारंग के मार्गदर्शन में किया गया। संपूर्ण आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला खेल अधिकारी श्रीमती प्रीति बंछोर बिजौरा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम में अनाया ठाकुर, अंजली, शिवकुमारी, यामिनी, हर्षिका, रिमन, चाहत, अंकिता, गरिमा, अदिति, गुंजन, नूतन, आराध्या, मायरा, दुष्यंत, अभिषेक, अभिजीत, शिवम, भुनेश्वर, बलराम, भार्गव, कुनाल, सक्षम सहित अनेक खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!