**आगर-मालवा।** त्योहारों के सीजन में बाजारों में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने जांच अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने आगर शहर के पांच खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर मिठाइयों और मावे के नमूने लिए। सभी नमूनों को सीलबंद कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं अनुविभागीय अधिकारी कमल मंडलोई के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस जामोद ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए।
**इन पांच प्रतिष्ठानों से लिए नमूने**
जांच अभियान के दौरान पायल स्वीट्स एंड बेकर्स से मलाई बर्फी, अरविंद कैफे से मावा बर्फी, श्री सिद्धिविनायक होटल से मिल्क केक, सागर रेस्टोरेंट छावनी से मावा तथा जैन स्वीट्स सराफा बाजार से ग्रीन मावा बर्फी का नमूना लिया गया।
**रिपोर्ट बताएगी मिठाइयों की गुणवत्ता**
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी नमूनों को विधिवत सीलबंद कर भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
**साफ-सफाई रखने के निर्देश**
कार्रवाई के दौरान खाद्य व्यवसायियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और साफ-सफाई के साथ खाद्य कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार चंद्रशेखर परमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस जामोद एवं सहयोगी स्टाफ शामिल रहा।