आगर-मालवा।** जनसुनवाई में जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे ग्राम लाला के ईश्वर पिता बग्दू को आखिरकार प्रशासन से कार्रवाई का भरोसा मिला। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार झोंटा को राजस्व टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचने और पट्टे की 0.86 हेक्टेयर भूमि से अनावेदकों का कब्जा हटवाकर ईश्वर को कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि तहसीलदार के आदेशों का पालन नहीं करने वाले अनावेदकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाए।
मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में ग्राम लाला, तहसील बड़ौद निवासी अनुसूचित जाति के ईश्वर ने अपनी पट्टे की जमीन पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत रखी थी। भूमि सर्वे क्रमांक 1536 से जुड़ी इस शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहने, बल्कि मौके पर पहुंचकर आदेश का अमल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
**निजी कॉलोनी की वैधता भी जांचेगा प्रशासन**
जनसुनवाई में पुलिस कॉलोनी के पास निर्माणाधीन निजी आवासीय कॉलोनी का मामला भी सामने आया। आवेदक गोपाल कुम्भकार की शिकायत पर कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर प्रेमनारायण परमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। कॉलोनी की जमीन का मालिकाना हक, निर्माण की वैधानिक स्थिति और कॉलोनी वैध है या अवैध, इन सभी बिंदुओं पर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
**58 आवेदकों ने रखीं समस्याएं**
जनसुनवाई में कुल 58 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं। राहुल सिंह ने पिता के निधन के बाद आर्थिक सहायता, ममता बाई ने राशन कार्ड बनवाने, बड़ौद की गुड्डीबाई ने नल-जल योजना से पेयजल उपलब्ध कराने तथा मोहनलाल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बड़ौद, सेमलखेड़ी, लोगंड़ी, माणा, कानड़, चिकली गोयल, पिपल्या सोनगरा, प्रतापपुरा, सिरपोई, भंडावद, सुईगांव, बरखेड़ा, बराई सोयतकलां और चाचाखेड़ी सहित विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए।
**अधिकारियों की मौजूदगी में हुई सुनवाई**
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके, डिप्टी कलेक्टर प्रेमनारायण परमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।