शस्त्र प्रशिक्षण से होता है व्यक्तित्व का विकास : ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय सिलिकोबाइट कॉलेज में चल रहे एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का किया निरीक्षण, कैडेट्स को अनुशासन, साहस औ

शस्त्र प्रशिक्षण से होता है व्यक्तित्व का विकास : ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय
सिलिकोबाइट कॉलेज में चल रहे एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का किया निरीक्षण, कैडेट्स को अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा के लिए किया प्रेरित
कटनी। नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की 32 एमपी बटालियन द्वारा सिलिकोबाइट कटनी डिग्री कॉलेज के रेड फोर्ट कैंपस में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय ने निरीक्षण किया। शिविर में पहुंचने पर उनका स्वागत कैंप कमांडर कर्नल राजवेलु, कर्नल विनोद सिंह एवं सिलिकोबाइट के डायरेक्टर डॉ. पारस जैन ने सलामी ध्वज के साथ किया।
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय ने फायरिंग रेंज में कैडेट्स के पॉइंट टारगेट प्रदर्शन का अवलोकन किया। कैडेट्स की निशानेबाजी और प्रशिक्षण गतिविधियों को देखते हुए उन्होंने कहा कि एनसीसी शिविर में दिया जाने वाला शस्त्र प्रशिक्षण युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे कैडेट्स में आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को भविष्य में सैन्य सेवाओं एवं राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करता है।
मार्च पास्ट से लेकर सांस्कृतिक गतिविधियों का निरीक्षण
ब्रिगेडियर उपाध्याय ने शिविर में आयोजित मार्च पास्ट, कैंप लेआउट, खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रशिक्षण गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया। कर्नल राजवेलु के निर्देशन में कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। वहीं कर्नल विनोद सिंह की अगुवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है एनसीसी
शिविर में कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अपने उद्बोधन में ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय ने कैडेट्स के प्रशिक्षण, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं कार्यकुशलता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर युवाओं को सैन्य गतिविधियों में दक्ष बनाने के साथ ही भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
कैडेट्स में दिखा उत्साह और राष्ट्रसेवा का जज्बा
शिविर में कैडेट्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया। वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन और उपस्थिति से कैडेट्स में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर का उद्देश्य युवाओं को अनुशासित, आत्मनिर्भर, साहसी एवं राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित नागरिक बनाना है।
—
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 — जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







