जिला संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने गुरुवार को किया औचक निरीक्षण

महराजगंज – जिला अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर सख्ती; रात की ड्यूटी में बढ़ेंगे डॉक्टर
महराजगंज।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। डीएम ने ओपीडी, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण कक्ष, आयुष्मान काउंटर, एमसीएच विंग और ट्रामा सेंटर का जायजा लेकर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को बेहतर इलाज और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए।
ओपीडी के मेडिसिन विभाग में 40 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया जा चुका था, जबकि बाल रोग विभाग में डॉ. राकेश रमन के कक्ष में 35 मरीज मौजूद मिले। डीएम ने दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की जानकारी भी ली।
पीआईसीयू वार्ड में 20 बच्चे और एसएनसीयू वार्ड में 36 बच्चे भर्ती मिले। दोनों वार्डों में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए। एसएनसीयू में भर्ती दो कम वजन वाले नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए डीएम ने उनके बेहतर उपचार और विशेष देखभाल के निर्देश दिए।
ठंड को देखते हुए रैन बसेरे को तत्काल सुरक्षित करने का निर्देश
अस्पताल परिसर स्थित रैन बसेरे के निरीक्षण में उसका खुला हिस्सा देखकर डीएम ने तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया, ताकि ठंड के मौसम में मरीजों के तीमारदारों और जरूरतमंदों को परेशानी न हो।
महिला अस्पताल के एमसीएच विंग स्थित लेबर रूम में आठ मरीज भर्ती मिले। डीएम ने जननी सुरक्षा योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। वहीं, ठंड में मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए सायंकालीन और रात्रिकालीन पाली में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने को कहा, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज को इलाज, दवा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. ए.के. द्विवेदी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







