CG : धमतरी : जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा के लगातार प्रयास बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर,87.60 करोड़ की बड़ी सौगात सांकरा से घटुला–बेलरगांव और जैतपुरी सड़क का होगा कायाकल्प

धमतरी/ छत्तीसगढ़ धमतरी जिले के ग्रामीण अंचलों के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। सांकरा से घटुला, बेलरगांव होते हुए जैतपुरी तक लगभग 30 किलोमीटर लंबे मुख्य जिला मार्ग के दो लेन में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा आवश्यक पुल-पुलियों के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा 87 करोड़ 60 लाख 39 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण सड़क की स्वीकृति पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बताया है।
पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए अरुण सार्वा ने बताया कि इस मार्ग की खराब स्थिति, ग्रामीणों की आवागमन संबंधी परेशानियों तथा क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए उन्होंने लगातार इस सड़क के निर्माण एवं उन्नयन के लिए पहल की। इस संबंध में उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग के मंत्री तथा वित्त मंत्री सहित शासन के वरिष्ठ मंत्रियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर सड़क की आवश्यकता, उपयोगिता और क्षेत्र के विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया था। उन्होंने शासन स्तर पर लगातार प्रयास करते हुए इस महत्वपूर्ण सड़क के लिए बजट एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया था।
उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा इस सड़क के लिए 87.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी होना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह केवल एक सड़क की स्वीकृति नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी, आवागमन की सुविधा और विकास की संभावनाओं को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण निर्णय है।
30 किलोमीटर सड़क का होगा दो लेन में चौड़ीकरण।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार,सांकरा-घटुला-बेलरगांव-जैतपुरी मार्ग (मुख्य जिला मार्ग) के लगभग 30 किलोमीटर हिस्से का दो लेन में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस पूरी परियोजना के लिए 87 करोड़ 60 लाख 39 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों को मिलेगा लाभ।
श्री सार्वा ने कहा कि इस सड़क के बेहतर निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार एवं मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों का आवागमन अधिक सुगम होगा। सड़क की बेहतर कनेक्टिविटी से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मजबूत सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि वे गांवों को विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार से जोड़ने का महत्वपूर्ण आधार होती हैं।
मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल के प्रति जताया आभार।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लोक निर्माण विभाग के मंत्री, वित्त मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सांकरा-घटुला-बेलरगांव-जैतपुरी मार्ग की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
श्री सार्वा ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार शीघ्र पूरी होंगी और निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। ग्रामीण अंचलों की मूलभूत समस्याओं को शासन के समक्ष मजबूती से उठाना और उनका समाधान सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







