13 टेबलों पर होगी मतगणना, 48 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

13 टेबलों पर होगी मतगणना, 48 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
रिटर्निंग अधिकारी राणावत ने बांगड़ महाविद्यालय में मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पाली 19 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शुक्रवार को राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में होने वाली मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। मतगणना शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मतगणना कक्ष, स्ट्रॉन्ग रूम, टेबल व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पाली पंचायत समिति क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 17 वार्डों में संपन्न हुए मतदान के बाद शुक्रवार को मतगणना होगी। मतगणना के दौरान कुल 48 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। इसके लिए पाली पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 13 सीयू-सीयू टेबल स्थापित की गई हैं, जिन पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतगणना संपन्न करवाई जाएगी।
कार्मिकों की बैठक लेकर समझाए दायित्व -मतगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरओ टेबल, स्ट्रॉन्ग रूम प्रभारी, टेबलवार नियुक्त कार्मिक, कंप्यूटर कार्मिक, सीलिंग कार्य में लगे कार्मिक, ईवीएम तकनीकी सहायक, सांख्यिकी एवं मीडिया प्रकोष्ठ के कार्मिकों को उनके दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सभी कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।
मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन रहेगा प्रतिबंधित -रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी राणावत ने बताया कि मतगणना की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मतगणना प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों को भी इस व्यवस्था की पालना करनी होगी। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की गई हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







