
कई दिनों से ठंड और गलन की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। देर शाम शुरू हुआ घना कोहरा बुधवार सुबह भी देखने को मिला। ऐसे में दृश्यता करीब 20 से 30 मीटर तक ही रह गई। ठंडी हवाएं चलने से हुई गलन से लोगों को परेशानी हुई। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड बढ़ने से जिलाधिकारी ने 8वीं तक के सभी विद्यालयों का 30 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिया।
26 तक बंद रहेंगे विद्यालय

प्रयागराज जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और गिरते हुए तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया था। सभी विद्यालयों को 10 बजे से 3 बजे तक संचालित करने के निर्देश जारी किए गए थे। ठंड कम न होने की वजह से जिलाधिकारी ने अब कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 26 दिसंबर तक का अवकाश घोषित कर दिया है। 25 दिसंबर को क्रिसमस डे तथा 26 दिसंबर को अत्यधिक ठंड के चलते सभी विद्यालय बंद रहेंगे, और अध्यापक विद्यालय में आकर प्रशासनिक कार्यों को पूरा करेंगे। वहीं विद्यालयों को निर्देशों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कोहरे से वाहनों के संचालन में परेशानी
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे की वजह से वाहनों के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। जहां बसें करीब 1 घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंची। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।



















