

बलौदाबाजार | 12 मार्च 2026
जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर अवैध महुआ शराब और महुआ लाहन का बड़ा जखीरा जब्त किया। इस कार्रवाई में कुल 81 हजार रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की गई, जिससे अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कसडोल वृत्त अंतर्गत आबकारी विभाग को अवैध महुआ शराब निर्माण और भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने ग्राम सैहाभाटा, थाना कसडोल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी श्याम पटेल के कब्जे से 45 बल्क लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 9 हजार रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा मौके से 30 किलोग्राम क्षमता वाली प्लास्टिक बोरी में भरे 40 नग, कुल 1200 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया। जब्त लाहन की अनुमानित कीमत 72 हजार रुपये बताई गई है। आबकारी टीम ने नियमानुसार लाहन का सैंपल लेकर शेष सभी लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि अवैध शराब निर्माण की प्रक्रिया को तुरंत रोका जा सके।
इस मामले में आरोपी श्याम पटेल के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में सहायक आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक मनराखन नेताम, पी. माधव राव, विनोद कुमार बांधे, नगर सैनिक कमल वर्मा, दुर्गेशवरी कुर्रे और राजकुमारी पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में डर का माहौल बन गया है।










