
धरती का सीना चीरकर निकाली जा रही मिट्टी, ज्वालापुर ट्रांसपोर्ट नगर में रातभर दौड़ रहे डंपर
फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार 16 मार्च 2026: ज्वालापुर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में रात के समय डंपर और जेसीबी के माध्यम से मिट्टी खनन किए जाने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में काम न होकर रात्रि के समय जेसीबी से मिट्टी की खुदाई की जा रही है और डंपरों में भरकर उसे ले जाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ट्रांसपोर्ट नगर सब्जी मंडी के पास बड़े स्तर पर मिट्टी खोदी जा रही है। रातभर डंपरों की आवाजाही के कारण आसपास रहने वाले लोग काफी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि इस समय बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में पूरी रात डंपरों के गुजरने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय निवासियों ने यह भी चिंता जताई है कि आबादी के बीच इस तरह की खुदाई से प्राकृतिक संतुलन पर भी असर पड़ सकता है। लगातार शोर-शराबे के कारण महिलाएं और बच्चे भी भय और असुविधा महसूस कर रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों ने संबंधित विभागों और अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर औचक निरीक्षण करने और कार्रवाई करने की मांग की है। आसपास के लोगों ने इस संबंध में वीडियो बनाकर भी भेजे हैं, ताकि प्रशासन तक मामला पहुंच सके। अब देखना यह होगा कि अधिकारी इस पर कब तक संज्ञान लेते हैं।

