



बिजनौर में नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) और वन विभाग के बीच विवाद पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस ने वन विभाग के एसडीओ सहित पांच कर्मियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और बलवा करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। जिलाधिकारी ने इस पूरे प्रकरण की जांच एडीएम प्रशासन और एसपी सिटी को सौंपी है।
कोतवाली में इंजीनियर अनूप कुमार के ट्रक चालक कावल सिंह ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, मंगलवार दोपहर नवलपुर के पास हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा था। तभी वन विभाग के एसडीओ ज्ञान सिंह, दरोगा योगेंद्र सिंह, विवेक मोहन और दो अज्ञात सिपाही मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि इन कर्मियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली और हाईवे का निर्माण बंद करा दिया। उन्होंने कावल सिंह के साथ गाली-गलौच और मारपीट की, जिसमें वह बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शिकायत में इंजीनियर अनूप कुमार का अपहरण करने और दो डंपर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है।
दूसरी ओर, वन विभाग ने मंगलवार दोपहर बाद तीन पेड़ों को अवैध रूप से काटने के आरोप में NHAI के एडीओ आशीष शर्मा और इंजीनियर अनूप कुमार के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज किया था। इस मामले में इंजीनियर अनूप कुमार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने मीडिया को बताया कि NHAI और वन विभाग के बीच विवाद का एक प्रकरण सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। जिलाधिकारी ने एडीएम प्रशासन और एसपी सिटी को इस मामले की जांच के लिए नामित किया है। दोनों अधिकारी दोनों पक्षों की बात सुनकर और साक्ष्य एकत्र करने के बाद स्पष्ट रिपोर्ट सौंपेंगे। तीन दिन के अंदर उपलब्ध कराई जाएगी इसके बाद जो भी इस रिपोर्ट में आएगा उसके बाद कार्रवाई की जाएगी.









