
धनबाद: धनबाद नगर निगम में डिप्टी मेयर पद को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों और चर्चाओं के बीच सिंह मेंशन में आयोजित एक अहम डिनर मीटिंग ने सियासी हलकों में नई हलचल पैदा कर दी है। शहर की राजनीति के केंद्र माने जाने वाले सिंह मेंशन में हुई इस बैठक में नगर निगम के करीब 45 पार्षदों की मौजूदगी बताई जा रही है, जिससे नगर निगम की राजनीति में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बैठक में नगर निगम की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, पार्षदों के बीच समन्वय और आगामी 18 मार्च को होने वाले डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान कई पार्षदों ने अपनी राय भी रखी और चुनाव को लेकर रणनीतिक बातचीत की गई।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में वार्ड नंबर 7 के पार्षद अरुण चौहान के नाम को लेकर भी चर्चा हुई और बड़ी संख्या में पार्षदों का समर्थन उनके साथ बताया जा रहा है। हालांकि, आधिकारिक रूप से किसी भी नाम की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन, बैठक में पार्षदों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने नगर निगम की सियासत को काफी हद तक गर्मा दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सिंह मेंशन में हुई इस बैठक को डिप्टी मेयर चुनाव से पहले रणनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। नगर निगम के कुल पार्षदों में से बड़ी संख्या का एक साथ जुटान, आने वाले चुनाव के लिए अहम संकेत माना जा रहा है।
अब सभी की निगाहें 18 मार्च को होने वाले डिप्टी मेयर चुनाव पर टिकी हैं, जब नवनिर्वाचित पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग कर डिप्टी मेयर का चयन करेंगे।





