
सोनू विश्वकर्मा । सलेहा थानांतर्गत ग्राम मंगरेला में आकाशीय बिजली की गर्जना से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। ग्राम मंगरेला निवासी 20 वर्षीय आलोक तिवारी अपने पिता अनिल कुमार तिवारी के साथ खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना हुई। अचानक आकाशीय बिजली की तेज गर्जना की आवाज से आलोक तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही गांव और आसपास के क्षेत्र में फैली, शोक की लहर दौड़ गई। जिसे भी इस दुखद घटना की जानकारी मिली, वह स्तब्ध रह गया। बताया जा रहा है कि आलोक अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे, जो सतना में एकेएस कॉलेज में पढाई कर रहा था। जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।




