

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)।
कांठ तहसील क्षेत्र के गांव भीकनपुर में हुए भाईचारा एवं सामाजिक समरसता समारोह बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को अपनाने का संकल्प लिया गया। यहां बड़ी संख्या में समारोह में उपस्थित हुए क्षेत्र के लोगों को बाबा साहेब और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के द्वारा देश हित किए गए कार्यों के बारे में बताया गया।

कांठ क्षेत्र भीकनपुर में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जन्म सप्ताह के उपलक्ष्य में रविवार को भाईचारा एवं सामाजिक समरसता समारोह का भव्य आयोजन राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव अभिनय चौधरी द्वारा किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने मंच से कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार आज भी हमें एक सशक्त, समतामूलक एवं न्यायपूर्ण भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज में भेदभाव समाप्त कर एकजुटता एवं सौहार्द की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह द्वारा देश और किसान हित में किए गए कार्यों को भी मंत्री से विस्तार से बताया। कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव अभिनय चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह के बताए मार्ग पर चलकर किसान एवं मजदूरों के हितों की रक्षा का काम राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह कर रहे हैं। उनके द्वारा युवाओं को जोड़ने और उन्हें प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास निरंतर जारी हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के मंडल अध्यक्ष चौधरी सरजीत सिंह और जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए आपसी भाईचारा एवं समरसता अत्यंत आवश्यक है। दोनों ने राष्ट्रीय लोकदल की मजबूती पर भी जोर दिया। समारोह के दौरान कलाकारों ने सुंदर-सुंदर रागिनियां भी प्रस्तुत की। लोगों को सामाजिक समरसता, समानता एवं आपसी भाईचारे के मूल्यों को और सशक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। अंत में कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव अभिनय चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सरदार सिंह भंडुला, शाहनवाज मलिक, पीयूष चौहान, राहुल बालियान, अमरजीत सिंह, रोबिन चौधरी, पुनीत पुरोहित, अमन ढिल्लो आदि सहित हजारों की संख्या में लोग इस समारोह में उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ







