A2Z सभी खबर सभी जिले की

संयुक्त टीम का एक्शन मोड: सुंदरी में छापा, अवैध शराब का जखीरा जब्त

अवैध मदिरा पर संयुक्त टीम का वार, 10 हजार से ज्यादा की शराब बरामद


बलौदाबाजार, 9 मार्च 2026।
अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 19.62 बल्क लीटर देशी मदिरा जब्त की है। जब्त की गई मदिरा का बाजार मूल्य 10,900 रुपये आंका गया है। इस कार्रवाई से अवैध मदिरा कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम ने ग्राम सुंदरी (स) में दबिश देते हुए आरोपी चेतन पिता राजकुमार मनहरे (25 वर्ष) के कब्जे से 84 पाव देशी मदिरा बरामद की। जब्त मदिरा की मात्रा 15.12 बल्क लीटर पाई गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 8,400 रुपये बताई गई है।
इसी क्रम में टीम ने एक अन्य कार्रवाई करते हुए सतवंतीन बाई पति जोहार लाल मनहरे (54 वर्ष) निवासी सुंदरी (स) के कब्जे से 25 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद की। इसकी कुल मात्रा 4.5 बल्क लीटर पाई गई, जिसका बाजार मूल्य 2,500 रुपये आंका गया है।
दोनों प्रकरणों में कुल मिलाकर 19.62 बल्क लीटर देशी मदिरा जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 10,900 रुपये है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है।
आरोपी चेतन मनहरे के विरुद्ध धारा 34 (2) और 59 (क) के तहत प्रकरण कायम किया गया है, जबकि सतवंतीन बाई के विरुद्ध धारा 34 (1) (ख) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार साहू, पी. माधव राव, तथा पुलिस विभाग की ओर से विष्णु खटकर, भानु सहित नगर सैनिक कमल वर्मा, दुर्गेश्वरी कुर्रे और राजकुमारी पैकरा सक्रिय रूप से शामिल रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!