
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली स्थित अयोध्या साव घाट पर स्थित प्राचीन बरगद के पेड़ के नीचे एवं महुली सिदेश्वर शिव मंदिर परिसर में वट सावित्री व्रत श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने विधि-विधान से वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। 
सुबह से ही अयोध्या साव घाट एवं सिदेश्वर शिव मंदिर परिसर में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने बरगद के पेड़ में कच्चा धागा बांधकर सात बार परिक्रमा की तथा पूजा के दौरान सत्यवान-सावित्री की कथा श्रद्धापूर्वक सुनी। कथा वाचन में बताया गया कि माता सावित्री ने अपने तप, त्याग और अटूट पतिव्रता धर्म के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे, तभी से यह व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है।
पूजन के दौरान महिलाओं ने वट वृक्ष को जल अर्पित कर दीप, धूप, फल एवं पूजन सामग्री चढ़ाई। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाकर व्रत को उत्साह एवं श्रद्धा के साथ संपन्न किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।




















