A2Z सभी खबर सभी जिले की

ग्राम पड़रा में गुरुवार की सुबह खेतों में तारबन्दी के लिए बिछे विद्युत प्रवाहित खुले तार की चपेट में आने से मजदूर की मौत

झांसी से कपिल शर्मा की रिपोर्ट

 

कटेरा (झाँसी) : ग्राम पड़रा में गुरुवार की सुबह खेतों में तारबन्दी के लिए बिछे विद्युत प्रवाहित खुले तार की चपेट में आने से छोटेलाल उर्फ छोटू केवट (30 वर्ष) पुत्र नाथूराम केवट की मौके पर ही मौत हो गई।

वह प्रतिदिन की भाँति सुबह अपने खेत पर जाने के लिए घर से निकला था। खेत के पास निकली नदी जाने वाले रास्ते में समीपवर्ती खेत में लगे खुले तार को उसने अनजाने में छू लिया, जिसमें तेज विद्युत आपूर्ति प्रवाहित हो रहा था। करण्ट लगते ही वह वहीं तड़पता रहा और कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए, किन्तु तब तक कोई सहायता सम्भव नहीं हो सकी। इस घटना ने एक गरीब मजदूर परिवार की खुशियों को पूरी तरह छीन लिया। किसान अपने पीछे तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें बबीता 10 वर्ष, वर्षा 8 वर्ष, कृष्णा 6 वर्ष हैं। पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद इन बच्चों का भविष्य अब अनिश्चितता के अँधेरे में दिखाई दे रहा है।

 

ग्रामीणों के अनुसार छोटेलाल पैर से आंशिक रूप से दिव्यांग था, इसके बावजूद वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी पिछले चार वर्षों से अपने मायके में रह रही थी, ऐसे में वह ही अपने बच्चों का एकमात्र सहारा था। घटना की सूचना मिलते ही कटेरा पुलिस मौके पर पहुँची और आवश्यक पंचनामा कार्यवाही कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिये मऊरानीपुर भेज दिया। मामले में विधिक जाँच की जा रही है। घटना की जानकारी छोटेलाल के माता-पिता को मिली, वे मौके पर पहुँचे। पुत्र का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वे बार-बार बेसुध हो रहे थे। पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आँख नम हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने, दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की माँग की है।

 

▶ वन्दना सिंह चौहान – थानाध्यक्ष कटेरा – पड़रा में विद्युत करण्ट से मृत किसान के मामले की जाँच चल रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आवश्यक जाँच व कार्यवाही की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!