
डीडवाना-कुचामन, जिला स्तरीय विभागों की साप्ताहिक समीक्षा एवं विभागीय समन्वय बैठक सोमवार को जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को 28 मार्च को माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित हुई राज उन्नति की बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने विभिन्न विभागों के पूर्ण चुके भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच कर संबंधित विभागों को सुपुर्द करने, बिलों के भुगतान संबंधी कार्यों में वित्तीय नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में उन्होंने नगरीय निकाय अधिकारियों को बारिश पूर्व सभी नालों व जल भराव वाले क्षेत्रों की सफाई करने, वन विभाग के अधिकारियों को पौधारोपण के स्थान चिन्हित कर आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने, विद्युत विभाग को लंबित घरेलू व कृषि कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को जिले में सुचारु पेयजल आपूर्ति के लिए सभी नल कनेक्शन की जाँच कर नियमित पेयजल आपूर्ति करने, सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित सत्यापन पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों को बजट घोषणा वर्ष 2026-27 से संबंधित भूमि आवंटन प्रस्ताव तैयार कर भेजने एवं बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन शुरू करने, फ्लैगशिप योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर परिवादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका, मुख्य चिकिता एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरेंद्र चौधरी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








