


डीडवाना-कुचामन, – जिला कलक्टर श्री अवधेश मीणा बुधवार को परबतसर दौरे पर रहे । जहां उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों के कार्यों का निरीक्षण किया। दौरे के दौरान जिला कलक्टर सबसे पहले उपखंड कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने कार्यालय परिसर, रिकॉर्ड संधारण, आमजन की सुनवाई व्यवस्था तथा विभिन्न शाखाओं के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को प्राथमिकता से सुना जाए तथा उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहनी चाहिए, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो।
इसके पश्चात जिला कलक्टर श्री मीणा पंचायत समिति सभागार पहुंचे,जहां उन्होंने उपखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उपखंड अधिकारी कुसुमलता चौहान , तहसीलदार हरेंद्र सिंह, पुलिस उपअधीक्षक मकराना विक्की नागपाल सहित विभिन्न विभागों शिक्षा, चिकित्सा, जलदाय, विद्युत, राजस्व एवं ग्रामीण विकास से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे ।
बैठक में जिला कलक्टर ने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं की प्रगति, बजट घोषणाओं के कार्य, लंबित कार्यों, सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों तथा आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य एवं केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा।
जिला कलक्टर श्री अवधेश मीणा ने बैठक में विशेष रूप से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति, साफ-सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार पर जोर दिया । बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित रूप फील्ड विजिट कर आवश्यक कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व जिला कलक्टर श्री मीणा ने पंचायत समिति परिसर में पौधारोपण भी किया।
इस दौरान उपखंड स्तर के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों की जानकारी एवं विभागीय कार्यों की प्रगति प्रस्तुत की।







