

डीडवाना-कुचामन जिले में महान समाज सुधारक और विचारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने महात्मा फुले की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको नमन किया।
आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी ने माल्यार्पण किया और उनके योगदान को याद कर महात्मा फुले के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान समाज कल्याण अधिकारी जयपाल सिंह ने महात्मा फुले के सत्यशोधक समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उनके क्रांतिकारी कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले ने महिलाओं और वंचितों की शिक्षा के लिए जो मार्ग प्रशस्त किया, वह आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने बताया कि जयंती समारोह के साथ-साथ आगामी दिनों में डॉ भीमराव अंबेडकर जयन्ती के अवसर पर 12 से 14 अप्रैल तक राजकीय विद्यालयों व महा विद्यालयों में सामाजिक न्याय और संविधान जागरूकता से जुड़े विभिन्न ऑनलाइन क्विज और कार्यक्रमों आयोजित किये जायेंगे, साथ ही 13 अप्रैल को टाउन हॉल में बाबा साहब अंबेडकर के जीवनवृत पर व्याख्यान का आयोजन भी किया जायेगा और 14 अप्रैल को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया जायेगा।
इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, महिला अधिकारी विभाग के सहायक निदेशक जयप्रकाश,आर्थिक व सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक बाबूलाल, कृषि विभाग के उपनिदेशक हरिओम सिंह राणा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
———————–






